किशनगंज/विजय कुमार साह
एसबीआई आरसेटी किशनगंज में सोमवार को 12 दिवसीय अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जीविका किशनगंज की डीपीएम अनुराधा चंद्रा एवं एसबीआई आरसेटी किशनगंज के निदेशक सुबोध कुमार रॉय ने संयुक्त रूप से किया।इस अवसर पर अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए स्वरोजगार एवं उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से युवा एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपने हुनर को व्यवसाय का रूप देकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। अगरबत्ती निर्माण कम पूंजी एवं सीमित संसाधनों में शुरू किया जा सकने वाला व्यवसाय है, जिसके लिए स्थानीय स्तर पर अच्छा बाजार भी उपलब्ध है।
प्रशिक्षण में कुल 35 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें अगरबत्ती निर्माण के लिए कच्चे माल की पहचान एवं उपयोग, निर्माण प्रक्रिया, आवश्यक उपकरणों का संचालन, गुणवत्ता बनाए रखने, पैकेजिंग, लागत एवं मूल्य निर्धारण तथा उत्पाद की बाजार में बिक्री से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। एसबीआई आरसेटी का उद्देश्य प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं व्यावसायिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागी अपने स्तर पर अगरबत्ती निर्माण का व्यवसाय शुरू कर आय का साधन विकसित कर सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने तथा सीखे गए कौशल का उपयोग स्वरोजगार स्थापित करने के लिए करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर फैकल्टी अजमल यज़दानी, सुभाष कुमार मंडल, पंकज कुमार सहित एसबीआई आरसेटी किशनगंज के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण को लेकर प्रतिभागियों में उत्साह देखा गया।
एसबीआई आरसेटी द्वारा कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण एवं बेरोजगार युवाओं को विभिन्न व्यवसायों से संबंधित प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है।