ग्रामीणों ने जल्द ताला खुलवाने एवं चापाकल की मरम्मत कराने की मांग की
टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डाकपोखर पंचायत के वार्ड संख्या-3 स्थित मालोबाड़ी गांव में सामुदायिक शौचालय लंबे समय से बंद रहने के कारण ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। शौचालय में ताला लगे रहने से वार्डवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीण हकीम मुर्मू, ताला मुर्मू, शक मुरमू, गुड्डू मुर्मू, टुडू हांसदा सहित अन्य लोगों ने बताया कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया था, लेकिन ताला बंद रहने के कारण इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार शौचालय बंद रहने के कारण लोग उसमें जलावन एवं अन्य सामग्री रखने लगे हैं। इससे सरकारी योजना के उद्देश्य पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सामुदायिक शौचालय परिसर में लगा चापाकल भी खराब है, जिसके कारण पानी की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सामुदायिक शौचालय का ताला जल्द खुलवाकर इसे नियमित रूप से उपयोग के योग्य बनाया जाए तथा खराब चापाकल की मरम्मत कराई जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शौचालय को चालू कर दिया जाए और पानी की समुचित व्यवस्था हो, तो वार्ड के लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल सकेगा।