न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

टीएमसी सांसद नदीमुल हक के ठिकानों पर ईडी की दबिश

दिल्ली, कोलकाता और रांची में सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, अखबार से जुड़े मामले में जांच

नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने दिल्ली, कोलकाता और रांची में सात परिसरों पर एक साथ तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान सांसद के आवास और उनसे जुड़े परिसरों के साथ ही उर्दू दैनिक अखबार-ए-मशरिक से संबंधित ठिकानों की भी जांच की गई।

ईडी की यह कार्रवाई अखबार से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बताई जा रही है। नदीमुल हक को संबंधित कंपनी का निदेशक बताया गया है। एजेंसी मामले में वित्तीय लेन-देन, दस्तावेज और धन के स्रोतों की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि मामले की जांच पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई। इसके बाद ईडी ने भी मामला दर्ज कर वित्तीय लेन-देन की पड़ताल शुरू की। तलाशी के दौरान दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाले गए।

तीन शहरों में एक साथ हुई कार्रवाई से राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, तलाशी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी विस्तृत जानकारी जांच एजेंसी की ओर से अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है। कारवाई के बाद बंगाल की राजनीति एक बार फिर गर्म हो गई है।

Share this news

Leave a Comment