तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम मुंबई सिटी की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
मुंबई : कालबादेवी स्थित महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम मुंबई सिटी की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को धार्मिक एवं सामाजिक वातावरण में संपन्न हुआ। शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी, शासनश्री साध्वीश्री मंजूरेखाजी एवं साध्वीवृंद के पावन सान्निध्य में नई टीम ने संगठन को मजबूत करने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
समारोह में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीषजी कोठारी मुख्य अतिथि तथा पश्चिम क्षेत्र-दो के अध्यक्ष हिमत हिरेन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान मुंबई एवं दक्षिण मुंबई की विभिन्न तेरापंथ संस्थाओं के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
राकेश मेहता को मिली कमान
वर्ष 2026-27 के लिए राकेश मेहता को मुंबई सिटी शाखा का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके नेतृत्व में भूपेंद्रकुमार जैन, चिराग डागलिया एवं ऋषभ काठोतिया को उपाध्यक्ष, जिगर डांगी को सचिव तथा राहुल बोहरा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए।
समाज की संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश मेहता ने कहा कि संस्था तेरापंथ समाज की विभिन्न संस्थाओं को पेशेवर विशेषज्ञता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सदस्यों से संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष कोठारी ने कहा कि मुंबई में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पेशेवरों की विशेषज्ञता और अनुभव संस्था की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सदस्यों से सक्रिय सहभागिता के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आग्रह किया। वहीं पश्चिम क्षेत्र-दो के अध्यक्ष हिमत हिरेन ने अधिक से अधिक लोगों को संस्था से जोड़ने और सदस्य सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
दक्षिण मुंबई की विभिन्न संस्थाओं की ओर से देवेंद्रजी डागलिया ने नई कार्यकारिणी को हरसंभव सहयोग एवं समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का संचालन कमल मेहता ने किया, जबकि नीरज मोटावत ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। समारोह में करीब 50 सदस्य शामिल हुए। दक्षिण मुंबई के विभिन्न तेरापंथ समाज एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सदस्यता अभियान के बैनर का अनावरण किया गया।