न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज पुलिस में बड़ा फेरबदल: 28 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, दो निलंबित और दो लाइन हाजिर

प्रतिनिधि/किशनगंज

किशनगंज में अपराध नियंत्रण बेहतर विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने जिले के 28 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया है। इनमें एक पुलिस निरीक्षक, चार पुअनि और 23 पीटीसीओ शामिल हैं। वहीं कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में दो पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित तथा दो को लाइन हाजिर किया गया है।

जिला पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बिशनपुर थानाध्यक्ष पुअनि अंजनी कुमार तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। एसपी ने 30 जून को बिशनपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया था। इस दौरान थाना के कई अभिलेखों और कांडों के निष्पादन में काफी त्रुटियां पाई गई थीं। इस संबंध में थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनका जवाब असंतोषजनक पाए जाने के बाद कर्तव्यहीनता, मनमानेपन, अनुशासनहीनता और वरीय पदाधिकारी के आदेशों के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की गई।

वहीं अभियोजन शाखा किशनगंज के पुअनि विनोद कुमार पाण्डेय को भी निलंबित किया गया है। चार सितंबर को सिपाही गौतम कुमार ने एसपी को लिखित शिकायत दी थी। इसमें सुपर पेट्रोलिंग जोन-04 में ड्यूटी के दौरान विनोद कुमार पाण्डेय पर गश्ती में लापरवाही का आरोप लगाया गया था। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र किशनगंज की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाया गया। इसके बाद उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के लिए स्पष्टीकरण मांगा गया है।

वहीं गंदर्भडांगा थानाध्यक्ष पुअनि कुन्दन कुमार और छतरगाछ पिकेट प्रभारी पुअनि शैलेश कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। तबादले के तहत पुअनि राजू कुमार को किशनगंज थाना से स्थानांतरित कर बिशनपुर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं कुन्दन कुमार को पुलिस केंद्र से छतरगाछ पिकेट प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कई शाखाओं और कोषांगों के प्रभारियों का भी स्थानांतरण किया गया है। पुलिस केंद्र में तैनात 23 पीटीसीओ कर्मियों को भी अलग-अलग थानों एवं शाखाओं में नई जिम्मेदारी दी गई है।

एसपी ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनियमितता या अनुशासनहीनता के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। सभी स्थानांतरित पदाधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

Share this news

Leave a Comment