मुंबई: तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप) दक्षिण मुंबई की ओर से दीदी रोड रनर्स समूह के सहयोग से महालक्ष्मी रेसकोर्स में नेत्रदान जागरूकता सेमिनार एवं वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के महत्व और इसकी सामाजिक उपयोगिता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में दीदी रोड रनर्स समूह की मेंटर और आठ बार की राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता धाविका लिलीमा अल्फांसो विशेष रूप से मौजूद रहीं। तेयुप दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष सुमीत सुराणा ने करीब 50 सदस्यों को नेत्रदान की प्रक्रिया, इसके महत्व और जरूरतमंद लोगों के जीवन में इसके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से मृत्यु के बाद नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की।
सेमिनार के बाद सदस्यों ने महालक्ष्मी रेसकोर्स में जागरूकता वॉकाथॉन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करते हुए इसका संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में अणुव्रत क्षेत्रीय दक्षिण मुंबई संयोजक एवं दीदी रोड रनर्स सदस्य नरेंद्र मुनोत सहित रेलवे विभाग और विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे। तेयुप दक्षिण मुंबई के मंत्री श्रेयांस मुनोत ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की और आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।