सागर चंद्रा/किशनगंज
रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। रविवार सुबह तौहीद हॉल्ट रेलवे गुमटी के समीप उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई।
भीड़ ने शव की शिनाख्त रामपुर आलू मंडी निवासी 28 वर्षीय धर्मेंद्र मालाकार पिता संतोष मालाकार के रूप में की। स्थानीय लोगों की सूचना पर मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंच गए।
इस बीच टाउन थाने के साथ साथ बंगाल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल के बंगाल सीमा में होने के कारण बंगाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार सुबह धर्मेंद्र ड्युटी से घर वापस लौट रहा था। तौहीद हॉल्ट के समीप रेलवे गुमटी पार करने के दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।