अररिया /अरुण कुमार
नेपाल में आई बाढ़ के पानी के साथ बिहार के कुछ क्षेत्रों में अज्ञात अथवा असामान्य प्रकार की मछलियों के पहुंचने की सूचना के मद्देनजर मत्स्य निदेशालय, बिहार सरकार द्वारा आमजनों के लिए आवश्यक सावधानी एवं जागरूकता संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है। जिला प्रशासन अररिया द्वारा उक्त एडवाइजरी के आलोक में जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
बाढ़ के पानी के साथ कुछ क्षेत्रों में ऐसी मछलियों के पहुंचने की सूचना मिली है, जिनकी पहचान सामान्य मछलियों से अलग हो सकती है। बाढ़ के दौरान तालाबों, नदियों, झीलों एवं जलाशयों से मछलियां निकलकर पानी के साथ दूर-दूर तक पहुंच सकती हैं। वहीं, गंदगी, मृत जानवरों, लार्वा आदि के लगातार संपर्क में रहने के कारण जीवाणु एवं विषाणुजनित संक्रमण की आशंका भी रहती है। ऐसी परिस्थितियों में अज्ञात अथवा असामान्य मछलियों का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए प्रतिकूल हो सकता है।
सभी आमजनों से अपील किया गया है कि बाढ़ के पानी में पाई जाने वाली अज्ञात अथवा असामान्य दिखने वाली मछलियों का सेवन नहीं करें। बाढ़ के पानी से पकड़ी गई ऐसी मछलियों को खरीदने-बेचने अथवा खाद्य उपयोग में लाने से बचें। बिना पहचान एवं संबंधित विभाग से पुष्टि के किसी भी अपरिचित मछली को खाने से बचें।
यदि ऐसी मछली के सेवन के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर आना, सांस लेने में कठिनाई अथवा अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लें। ऐसी किसी भी अज्ञात/असामान्य मछली की सूचना जिला मत्स्य पदाधिकारी अररिया अथवा स्थानीय प्रशासन को दें।
आमजनों से यह भी अपील किया गया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा अज्ञात मछलियों के सेवन से पूरी तरह बचें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में संबंधित विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन से जानकारी प्राप्त करें।