गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना, कई अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी; किशनगंज के डीएसपी साइबर क्राइम का भी तबादला
पटना:बिहार पुलिस महकमे में रविवार को बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया। गृह विभाग ने 37 पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की है। अधिकारियों को उनके वर्तमान पद से स्थानांतरित करते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। तबादले के बाद पुलिस महकमे में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, कई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ) को पुलिस उपाधीक्षक के विभिन्न पदों पर पदस्थापित किया गया है। वहीं, कई डीएसपी को आर्थिक अपराध इकाई, साइबर क्राइम, विशेष शाखा, यातायात, रेल और अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों में नई जिम्मेदारी दी गई है।
किशनगंज के डीएसपी साइबर क्राइम का भी तबादला
तबादला सूची में किशनगंज के पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) का नाम भी शामिल है। उन्हें अब पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह सौरभ जायसवाल, जो वर्तमान में बोधगया, गया में एसडीपीओ के साथ मंदिर परिसर सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, उन्हें पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पूर्णिया बनाया गया है।
वहीं दीपक कुमार, वर्तमान में फुलवारी शरीफ, पटना के एसडीपीओ-2, को पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), सारण की जिम्मेदारी मिली है। रजनीश कांत प्रियदर्शी को बेतिया से पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), लखीसराय भेजा गया है।
आर्थिक अपराध इकाई को भी मिले अधिकारी
तबादले में आर्थिक अपराध से जुड़े पदों पर भी अधिकारियों की तैनाती की गई है। आनंद कुमार पाण्डेय को अपर पुलिस अधीक्षक, आर्थिक अपराध इकाई, बिहार, पटना तथा अशोक कुमार दास को अपर पुलिस अधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की जिम्मेदारी दी गई है।
संजय कुमार पाण्डेय को बीवीएसयू-1, पटना में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि विभाष कुमार को बीवीएसयू-7, कटिहार में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया है।
कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती
अधिसूचना में राज कुमार साह को पुलिस अधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं संजय कुमार झा और अजय कुमार सिंह को विशेष शाखा में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
रवि शंकर, वर्तमान में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), किशनगंज, को पुलिस उपाधीक्षक, बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना पद पर पदस्थापित किया गया है।
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारियों को उनके नाम के सामने अंकित नव पद एवं स्थान पर अगले आदेश तक पदस्थापित किया गया है। विभाग ने पुलिस महानिदेशक, बिहार से संबंधित अधिकारियों का गत्यादेश शीघ्र निर्गत करने का अनुरोध भी किया है।



