अमदाबाद/कटिहार – गंगा एवं महानंदा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण नगर पंचायत के लगभग सभी वार्डों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इससे लोगों के समक्ष कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं। रविवार को मुख्य पार्षद बबलू मंडल ने नाव से नगर के वार्ड संख्या दो, पांच, छह, सात, 11, 12 और 16 सहित अन्य बाढ़ प्रभावित वार्डों का दौरा किया।
उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रभावित वार्डों में जल्द से जल्द सरकारी नियमानुसार राहत मुहैया कराने की बात कही।
मुख्य पार्षद ने अंचलाधिकारी अमदाबाद से बाढ़ प्रभावित वार्डों में सामुदायिक रसोई शुरू कराने, पॉलीथिन शीट उपलब्ध कराने तथा जीआर सूची से वंचित लोगों के नाम जोड़ने की मांग की है। मौके पर वार्ड पार्षद अब्दुल कैयूम, पार्षद प्रतिनिधि शेख मौसीम सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।