न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

357 बोतल कोडिन कफ सिरप और 13,720 नशीली गोलियों के साथ तस्कर गिरफ्तार

कटिहार- नगर थाना पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पटेल चौक स्थित शिव शक्ति फार्मा के पास छापेमारी कर 357 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप और नशीली दवा नाइट्राजेपाम की 13,720 टैबलेट बरामद की है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

बरामद नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 97 हजार 802 रुपए बताई गई है। एसडीपीओ सदर विशाल आनंद ने बताया कि नगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि पटेल चौक स्थित शिव शक्ति फार्मा के संचालक द्वारा अवैध रूप से कोडिनयुक्त कफ सिरप और प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार किया जा रहा है।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए नगर थाना पुलिस एवं औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान संजय कुमार सिन्हा (41) पिता सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा, साकिन विजयनगर, दुर्गास्थान थाना नगर कटिहार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके गोदाम से 357 बोतल कोडिन कफ सिरप, कुल 35.7 लीटर, तथा आईपी निटजासेन-10 की 13,720 टैबलेट बरामद की गईं।

इसके अलावा संयुक्त छापेमारी के दौरान बिना वैध लाइसेंस एवं बिना इनवॉइस के रखी गई विभिन्न प्रकार की दवाइयों के 51 कार्टन भी जब्त किए गए। औषधि निरीक्षक द्वारा करीब 46 प्रकार की दवाओं को जब्त कर उनके संबंध में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी काढ़ा थाना कांड से संबंधित आपराधिक इतिहास है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this news

Leave a Comment