कटिहार -जिले में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। बाढ़ से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने रविवार को कुरसेला प्रखंड क्षेत्र का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

डीएम ने अधिकारियों को आपदा प्रबंधन विभाग के मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक राहत कार्य अविलंब शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियों, राहत सामग्री और लोगों की आवश्यकताओं की जानकारी ली। इसी क्रम में डीएम आशुतोष द्विवेदी वरीय पदाधिकारियों के साथ कुरसेला प्रखंड के तीनघरिया पंचायत स्थित मालगोदाम के समीप पहुंचे।
जहां बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान बरारी विधायक विजय सिंह,एडीएम आपदा फिरोज अख्तर ,एडीएम डॉ. विनोद कुमार, उप विकास आयुक्त डॉ.नेहा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार, जिला परिषद सदस्य उमा यादव, मुखिया प्रतिनिधि शंकर चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी प्रियंवदा, अंचलाधिकारी अनुपम सहित कई पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा जरूरतमंद लोगों तक समय पर राहत पहुंचाने का निर्देश दिया है।