अमदाबाद /कटिहार – अमदाबाद थाना क्षेत्र के बैदा ग्राम पंचायत के हाल बैदा गांव में रविवार को नदी के फैले पानी में स्नान करने के दौरान डूबने से एक बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बालक की पहचान हाल बैदा गांव निवासी रकीमुद्दीन के पुत्र अख्तार अली(12) के रूप में हुई है।घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष मो. वहाब ने बताया कि गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से प्रखंड की कई पंचायतें नदी के पानी से घिर गई हैं।
बैदा पंचायत के चारों ओर भी नदी का पानी फैल गया है।रविवार दोपहर करीब तीन बजे अख्तार अली अपने दोस्तों के साथ घर के पीछे फैले नदी के पानी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बालक को पानी से बाहर निकाला।
तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के संबंध में अंचल अधिकारी हिंदुजा भारती ने बताया कि डूबने से एक बच्चे की मौत हुई है। मौके पर राजस्व कर्मचारी को भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि परिजन यदि शव का पोस्टमार्टम कराते हैं तो नियमानुसार सरकारी आपदा राशि दी जाएगी।घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।