न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

KatiharNews:युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या,खेत में मिला शव

समेली/कटिहार – समेली प्रखण्ड के मुरादपुर पंचायत अंतर्गत कुर्सेला थाना क्षेत्र के मोरसंडा दीरा चांदपुर नहर के समीप शनिवार की रात एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। रविवार की सुबह खेत में खून से लथपथ शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान राजेन्द्र पार्क डुमरिया वार्ड संख्या छह निवासी मो. तबारक (22) के रूप में हुई है।

घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार मो. तबारक का मोरसंडा गांव की एक महिला से पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला का पति मृतक का दोस्त बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक करीब चार माह पूर्व भी महिला के पति ने तबारक के साथ मारपीट की थी और उसे अपने घर ले जाकर दिनभर बंधक बनाकर रखा था।

परिजनों ने रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की भी बात कही है। परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे तबारक घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह कदम के पेड़ के नीचे बने मचान के पास तबारक का शव पड़ा था। उसका गला रेता हुआ था और चेहरा व गला खून से सना था। मचान पर भी कई स्थानों पर खून के निशान मिले। इससे घटनास्थल पर संघर्ष होने की आशंका जतायी जा रही है।

परिजनों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले तबारक दिल्ली कमाने गया था। करीब एक माह पूर्व लौटने के बाद महिला के पति ने उससे रुपये की मांग की थी। आरोप है कि तीन दिन पूर्व भी वह तबारक के घर पहुंचा था और रुपये मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि तबारक ने उससे करीब दस हजार रुपये उधार लिये थे।

घटना की सूचना मिलते ही कुर्सेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर विभिन्न साक्ष्य जुटाये हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Comment