फारबिसगंज/अरुण कुमार
लव-कुश कल्याण परिषद के तत्वावधान में शनिवार को सुभाष चौक स्थित होटल मोर्या प्राइड में अमर शहीद जगदेव बाबू का शहादत दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लव-कुश मंच के जिला अध्यक्ष किशोर राय एवं सचिव चंदेश्वरी मेहता ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व आईआरएस बैद्यनाथ मेहता तथा विशिष्ट अतिथि विधायक मनोज विश्वास रहे। नगर परिषद अध्यक्ष बीणा देवी, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता एवं सेवानिवृत्त डीएसपी ब्रजनंदन मेहता सहित अन्य अतिथियों ने जगदेव बाबू के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
समारोह को संबोधित करते हुए परिषद के सचिव चंदेश्वरी मेहता ने कहा कि बिहार लेनिन जगदेव बाबू शोषित, वंचित और गरीब वर्ग के मसीहा थे। उन्होंने सामाजिक असमानता के खिलाफ संघर्ष करते हुए “सौ में नब्बे शोषित हैं, नब्बे भाग हमारा है” का नारा दिया था। इस नारे ने बिहार की राजनीति में नई चेतना पैदा की और गरीब, पिछड़े, शोषित एवं वंचित समाज को अपने अधिकारों के लिए जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि जगदेव बाबू की बढ़ती लोकप्रियता और सामाजिक न्याय की लड़ाई से सामंतवादी ताकतें भयभीत थीं। पांच सितंबर 1974 को जहानाबाद के कुर्था में एक सभा के दौरान गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। वक्ताओं ने कहा कि जगदेव बाबू का संघर्ष और उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय की लड़ाई को दिशा देने का काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने जगदेव बाबू के जीवन, संघर्ष और सामाजिक विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक समानता, पिछड़ों एवं दलितों के अधिकार और प्रतिनिधित्व की लड़ाई में जगदेव बाबू के विचारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
समारोह में पुष्पलता देवी, जयरानी देवी, अवधेश विश्वास, ब्रजेश कुमार राय, वीरेंद्र राय, बिपिन मेहता, प्रो. लक्ष्मण प्रसाद मेहता, विभाष चंद्र मेहता, नवीन मेहता, विनोद मेहता, टुनटुन मेहता, रमेश मेहता, मोदनारायण मेहता, बिमल मेहता, राजू विश्वास, खोखा मेहता, प्रमुख ओमप्रकाश पासवान, गुड्डू मेहता, श्याम मेहता, मिथिलेश मेहता, शिवनाथ मेहता सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।