किशनगंज /प्रतिनिधि
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ किशनगंज पुलिस के विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कैलटेक्स चौक के पास कार्रवाई करते हुए 42.83 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर 5 सितंबर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पश्चिम बंगाल के मालदा से अवैध मादक पदार्थ खरीदकर कैलटेक्स चौक होते हुए सिलीगुड़ी जाने वाला है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ टीम और किशनगंज थाना पुलिस ने कैलटेक्स चौक पर चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान एमजीएम अस्पताल की ओर से आ रहे एक संदिग्ध युवक ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की। पुलिस बल ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 42.83 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान सुजीत पासवान (26), निवासी सूर्यजेशन कॉलोनी, ब्लॉक डी, नॉका घाटी मोड़, थाना माटीगाड़ा, जिला सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों तथा स्मैक के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 988/26, दिनांक 05 सितंबर 2026, के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।