टेढ़ागाछ। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश के महान शिक्षाविद, दार्शनिक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्र पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान के बारे में जानकारी दी।
शिक्षकों ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें अनुशासन, संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।
प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में दिनभर शिक्षक दिवस को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।