राज कुमार/पोठिया
शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को पोठिया प्रखंड सभागार में प्रखंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीडीओ खालिदा जिया, अंचल अधिकारी मोहित राज, प्रभारी बीईओ विजय कुमार एवं पीओ रजनीकांत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद मौजूद शिक्षकों ने शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों की उपलब्धियों और सामने आ रही समस्याओं को लेकर अपने विचार साझा किए।
समारोह में शिक्षकों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर शिक्षकों में खुशी देखने को मिली। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने और बच्चों के भविष्य को मजबूत करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है।
बीडीओ खालिदा जिया,सीओ मोहित राज ने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों को केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों का योगदान समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं पर प्रशासन स्तर से भी गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देने की बात कही और शिक्षकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने और बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
वही प्रभारी बीईओ विजय कुमार ने कहा कि विद्यालयों की उपलब्धियों के साथ-साथ शिक्षकों द्वारा बताई गई कमियों और समस्याओं को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और बच्चों के बेहतर शैक्षणिक परिणाम के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
पीओ रजनीकांत सिंह ने कहा कि शिक्षक किसी भी विद्यालय की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। शिक्षकों के अनुभव और सुझावों से विद्यालयों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने शिक्षकों को अपने अनुभव साझा करने और सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आने की बात कही।
प्रखंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में 15 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में मध्य विद्यालय सोनापुर के श्री विवेकानन्द प्रियदर्शी, मध्य विद्यालय गिल्हाबाड़ी कन्या की श्रीमती स्वप्ना सिंह एवं श्री विपिन कुमार वर्मा, मध्य विद्यालय कुशियारी के मो. सलाउद्दीन, उच्च माध्यमिक विद्यालय दामलबाड़ी के श्री अमित पासवान, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बोरोगच्छ के श्री पवन कुमार पंकज, मध्य विद्यालय मिर्जापुर के श्री अशोक कुमार दास, मध्य विद्यालय दलुआआहट के श्री सुनील कुमार, मध्य विद्यालय रायपुर के मो. महबूब आलम, मध्य विद्यालय शीतलपुर के मो. महबूब अहमद, उत्क्रमित मध्य विद्यालय खजुरबाड़ी की सुश्री रेशमा प्रवीण, मध्य विद्यालय बक्सा के श्री नागेन्द्र प्रसाद यादव, +2 प्रोजेक्ट आजाद उच्च विद्यालय पोठिया के श्री गजेन्द्र नाथ झा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंचागछिया के श्री नृपेन्द्र झा तथा +2 उच्च विद्यालय आजाद नगर छत्तरगाछ के मो. इमाम अख्तर शामिल रहे।
समारोह में शिक्षकों ने कहा कि इस तरह का सम्मान उनके कार्य के प्रति उत्साह बढ़ाता है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और पदाधिकारियों के बीच विद्यालयों की स्थिति, उपलब्धियों तथा आवश्यक सुधार को लेकर सकारात्मक चर्चा भी हुई।