सागर चंद्रा/ किशनगंज
टाउन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर स्मैक की खेप के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहर के रूईधासा खानकाह वार्ड नंबर 23 निवासी मोहम्मद आरीफ (30) पिता मोहम्मद इस्लाम के रूप में की गई है। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
जिसके आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। जबकि आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार एएसआई नरेश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम शहर में संध्या गस्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस की नजर रामपुर चेकपोस्ट की ओर से पानीटंकी (हलीम चौक) की दिशा में जा रहे युवक पर पड़ी।
उसकी संदिग्ध गतिविधि को देखकर पुलिस का शक गहरा गया। निकट जाने पर युवक पुलिस को देख भागने लगा। लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
तलाशी लेने पर आरिफ के पैंट के बांये पॉकेट से एक कागज के डब्बे के अंदर से काले रंग का प्लास्टिक में बंधा कुल 12 पूड़िया स्मैक बरामद कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
नाप तौल करने पर अवैध मादक पदार्थ का वजन 05.30 ग्राम पाया गया। नतीजतन गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।