किशनगंज। जिला जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष फैसल अहमद ने बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री को ज्ञापन सौंप कर किशनगंज स्थित सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल पर नियमों के विरुद्ध विभिन्न मदों में शुल्क वसूलने का आरोप लगाया है। पत्र में विद्यालय के विरुद्ध जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के आदेश संख्या 08/RTE 15-14/2026 के अनुसार निजी विद्यालयों में पुनः नामांकन एवं अन्य प्रतिबंधित शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। इसके बावजूद संबंधित विद्यालय द्वारा अभिभावकों से एडमिशन फीस, मेंटेनेंस फीस, एस्टैब्लिशमेंट फीस, ई-क्लास, लाइब्रेरी सहित विभिन्न मदों में शुल्क वसूला जा रहा है।
जदयू जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में लगभग 2234 छात्र नामांकित हैं और प्रत्येक छात्र से प्रतिवर्ष ₹700 बिजली शुल्क लिया जा रहा है। उनके अनुसार इस मद में विद्यालय द्वारा लगभग ₹15.63 लाख की वसूली की जाती है, जबकि वर्ष 2025-26 में बिजली बिल पर मात्र ₹68,717 खर्च होने का दावा करते हुए दोनों राशियों में भारी अंतर होने की बात कही गई है।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय द्वारा प्रत्येक वर्ष अभिभावकों से मेंटेनेंस एवं एस्टैब्लिशमेंट शुल्क वसूला जाता है तथा विद्यालय परिसर में ही पुस्तक बिक्री की जाती है। आरोप है कि विद्यालय की पुस्तक सूची बाहरी दुकानदारों को उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिससे अभिभावकों को बाहर से पुस्तकें खरीदने का विकल्प नहीं मिल पाता।
जिला अध्यक्ष फैसल अहमद ने मंत्री से पूरे मामले की जांच कर संबंधित विद्यालय के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।


























