जांच को छह सदस्यीय समिति गठित
मनिहारी /कटिहार – नगर विकास एवं आवास विभाग ने मनिहारी नगर पंचायत में वित्तीय अनियमितता के मामलों की विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभाग की ओर से छह सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।अवर सचिव रणविजय कुमार सिंह द्वारा जारी पत्र में जिला प्रशासन से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहन जांच कर दोषी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने तथा अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
विभागीय पत्र के अनुसार जिला पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान कई स्तरों पर वित्तीय नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई गई है। रिपोर्ट में बिना सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति के कार्य कराए जाने, निविदा प्रक्रिया में निर्धारित प्रावधानों का पालन नहीं करने, विभागीय वसूली में गड़बड़ी तथा अन्य वित्तीय अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित अवधि की निविदा प्रकाशन से जुड़ी संचिका और कार्रवाई पुस्तिका कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। वहीं, वार्ड सशक्त स्थायी समिति की स्वीकृति के बिना चबूतरा निर्माण एवं आंतरिक मद में करीब 6.99 लाख रुपये के भुगतान पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। विभाग ने इन सभी बिंदुओं पर स्पष्ट जवाब तलब किया है। जांच समिति को बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के कराए गए कार्यों, विभागीय वसूली, पूर्व वर्षों की तुलना में कम दर पर निविदा आमंत्रित किए जाने,संविदा कर्मियों के नियमितीकरण तथा तत्कालीन मुख्य पार्षद के कार्यकाल में हुए विभिन्न कार्यों की भी जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभाग ने समिति को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी अधिकारी, कर्मी या जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी तय होती है तो उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।























