मनिहारी गंगाघाट पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़,सुविधाओं को लेकर उठे सवाल

SHARE:

सावन 30 जुलाई से

मनिहारी /कटिहार – भगवान शिव का अतिप्रिय सावन मास 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। सावन के आगमन के साथ ही मनिहारी के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले गंगाघाट पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सीमांचल के विभिन्न जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी,झारखंड तथा पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल भरकर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए मनिहारी पहुंचते हैं। सड़क और रेल मार्ग से आने वाले कांवरियों की सुविधा को लेकर स्थानीय लोगों ने आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी करने की मांग की है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि गंगाघाट और नगर क्षेत्र में अब भी कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। मनिहारी–नारायणपुर फोरलेन से नवाबगंज होकर मनिहारी आने वाली सड़क का एक हिस्सा अधूरा पड़ा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क के दोनों ओर उगी ऊंची घास और झाड़ियां भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण हैं।


नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर नालों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है तथा जलापूर्ति पाइपलाइन टूटने से लगातार जल रिसाव हो रहा है। इससे श्रद्धालुओं को मंदिरों तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। मनिहारी थाना के समीप स्थित ऐतिहासिक अर्द्धनारीश्वर मंदिर परिसर की साफ-सफाई तथा रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिवसेना मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाने की भी आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि कांवरियों का आवागमन सुगम हो सके।

गंगाघाट पर स्नान के दौरान नदी में मौजूद छोटे-छोटे कंक्रीट पिलरों से श्रद्धालुओं के चोटिल होने की आशंका भी जताई जा रही है। बड़ी संख्या में आने वाली महिला कांवरियों के लिए चलंत शौचालय, वस्त्र परिवर्तन केंद्र, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की मांग उठ रही है। साथ ही खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां स्नान पर रोक लगाने तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई जा रही है, ताकि सावन के दौरान श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगम वातावरण में अपनी धार्मिक आस्था का निर्वहन कर सकें।

श्रावणी मेले को लेकर एसडीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिप सदस्य सुमति देवी ने इसे राजकीय मेले का दर्जा दिलाने की मांग की।नगर मुख्य पार्षद ने श्रद्धालुओं को सर संभव सेवा सुविधा दिये जाने का भरोसा दिलाया। साथ ही नारायणपुर के पास एन एच ए आई के तहत बध रही सडकों के कुछ भाग तक अधूरा छोड दिये जाने के प्रति असंतोष जताते हुए इसे दुर्घटना को आमंत्रण देनेवाला बताया । कांवर यात्रा आरंभ होने से पूर्व इसको दुरुस्त किये जाने की मांग की।

समाजसेवी एवं कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिंह ने दूर दराज से वाहन के माध्यम से मनिहारी पहुंचनेवाले यात्रियों के पडाव स्थल वाहन पार्किंग स्थल के आस पास चलंत शौचालय की व्यवस्था, रेलवे स्टेशन मनिहारी मे उन दिनो कांवरियों की भाडी भीड के मद्देनजर स्टेशन परिसर में पेयजल, समुचित प्रकाश, साफ सफाई एवं शौचालय कक्ष की पर्चाप्त साफ सफाई की मांग की। मनिहारी से गंगाजल भर कर आजमनगर स्थित गोरखनाथ धाम जाने वाली कांवरिया पथों के उन्नयन, पर्याप्त लाईट लगाने, पुलिस गस्त कराये जाने की मांग नगर उपाध्यक्ष मनिहारी नगर शुभम पोद्दार ने की है। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में नारायणपुर के पास कुछ असामाजिक तत्वो द्वारा कांवरियों के साथ दुरव्यवहार किया गया था।इसी तरह की घटना कवैया पुल के पास की गयी थी. इन घटनाओं का हवाला देकर उक्त स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ पुलिस गस्त की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!