सागर चंद्रा/ किशनगंज
मवेशी व्यापारी से 3.60 लाख रुपये लूट मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ साथ घटना में प्रयुक्त दो बाइक और लूटी गई रकम में से 10 हजार रुपये भी बरामद किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने बताया कि गत 23 जून को घटित घटना में आरोपियों ने छत्तरगाछ निवासी मवेशी व्यापारी हुसैन के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। हुसैन अपने चालक के साथ पिकअप वैन से सीतामढ़ी मवेशी खरीदने जा रहे थे।
इसी दौरान कोचाधामन थाना क्षेत्र के शीतलनगर के पास एनएच-327 ई पर दो पल्सर बाइक सवार पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर पिकअप वाहन को रोका और हथियार के बल पर हुसैन से 3.60 लाख रुपये और मोबाइल छीन कर फरार हो गया था। पीड़ित व्यापारी के लिखित शिकायत पर कोचाधामन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी।
वहीं एसपी संतोष कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ 1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में टीम ने आरोपियों का सुराग ढ़ूंढ़ निकाला। गत 4 जुलाई को अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के सैठाबाड़ी निवासी परवेज आलम (42), अजमल (40), वाहिद मजमुदार (32) और वशीम रजा उर्फ प्यारे (25) के रूप में की गई है। तलाशी लेने पर पुलिस ने पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बीआर 37 एस 7099 और बीआर 37 एसी 2692 नंबर की दो पल्सर बाइक के साथ साथ लूटी गई रकम में से 10 हजार रुपये बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से आवश्यक पूछताछ के बाद रविवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।





















