पटना: भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने दावा किया कि यह फेक एनकाउंटर था और इसके लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि एक तरफ सरकार मामले की जांच कराने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जांच निष्पक्ष होगी तो फिर पीड़ित पक्ष को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में पहले भी कई संदिग्ध एनकाउंटर हुए हैं, लेकिन आज तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। तेजस्वी ने यह भी कहा कि सरकार टेंडर माफिया रिशु सिंह मामले से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
तेजस्वी यादव के मुताबिक बिहार में अपराधियों और माफियाओं का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने सरकार पर शराब माफियाओं को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।
नीट परीक्षा को लेकर तेजस्वी यादव ने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पेपर लीक के दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है, जबकि छात्रों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



























