कटिहार:गांव-गांव विकास पहुंचाने की तैयारी,मनिहारी में मुखियाओं को मिला विशेष प्रशिक्षण

SHARE:

मनिहारी /कटिहार – बिहार सरकार के पंचायती राज मिशन के तहत प्रखंड सभागार, मनिहारी में पंचायत विकास योजना विषय पर एक दिवसीय गैर – आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुखिया संघ उपाध्यक्ष पिंटू कुमार यादव,मुखिया जर्जिस आलम, मुखिया राजकुमार मंडल,मुखिया प्रतिनिधि डॉ. मुस्लिम एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

प्रशिक्षण में मनिहारी प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत रोजगार सेवक,डाटा एंट्री ऑपरेटर, लेखा सह आईटी सहायक तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पंचायत विकास योजनाओं के निर्माण, क्रियान्वयन और निगरानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। मुखिया संघ उपाध्यक्ष पिंटू कुमार यादव ने कहा कि पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

वहीं मुखिया जर्जिस आलम ने कहा कि पंचायत विकास योजना गांवों की जरूरतों के अनुरूप विकास की मजबूत आधारशिला है। मुखिया राजकुमार मंडल ने प्रशिक्षण को जनप्रतिनिधियों और कर्मियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में पंचायतों को सशक्त, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम स्तर पर बेहतर योजना निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। प्रशिक्षण के सफल आयोजन को लेकर प्रतिभागियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और पंचायतों के समग्र विकास का संकल्प लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई