कटिहार – भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी कटिहार शाखा एवं लायंस क्लब ऑफ कटिहार के संयुक्त तत्वाधान मे आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सह रेडक्रॉस अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी, सिविल सर्जन डॉ. जितेन्द्रनाथ सिंह, रेडक्रॉस चेयरमैन डॉक्टर रंजना झा, सचिव संतोष गुप्ता के साथ लायंस क्लब के अध्यक्ष लायन काजल महासेठ ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर प्रथम रक्तदाता के रूप मे जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी रक्तदान करते हुए कहा कि रक्तदान करने से शरीर में अतिरिक्त आयरन का स्तर नियंत्रित रहता है।
जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कम होता है। उन्होंने रेडक्रॉस एवं लायंस क्लब कटिहार के सदस्यों को ऐसे शिविर करने हेतु साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। इस मौके पर लायन काजल महासेठ ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति हर 3 महीने यानी 90 दिन में सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है। रेडक्रॉस चेयरमैन डॉक्टर रंजना झा ने बताया कि एक बार रक्तदान करने से शरीर में लगभग 650 कैलोरी तक बर्न होती है।
इसलिए रक्तदान स्वास्थ्य के लिहाज़ से फायेमंद है। रेडक्रॉस सचिव सह लायंस क्लब के ब्लड डोनेशन कमिटी चेयरपर्सन संतोष गुप्ता ने भी रक्तदान किया उन्होंने कहा कि मै पिछले 25 वर्षों से प्रतिवर्ष रक्तदान करता हूं। उन्होंने कहा कि ब्लड डोनेट करने के कुछ ही हफ़्तों में शरीर नई और स्वस्थ रक्त कोशिकाएं बनाने लगता है। इसलिए लोग रक्तदान से डरे नही।
इस शिविर के संयोजक सह रेडक्रॉस प्रबंध समिति सदस्य अमित जायसवाल विक्की ने भी रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि आज कटिहार मे लगभग 200 यूनिट ब्लड प्रति माह थैलेसिमिया रोगी के लिए जरूरी है जो इसी प्रकार रक्तदान से ही संभव है इससे न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचती है, बल्कि डोनर को भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।
लायंस क्लब के कोषाध्यक्ष अंकिता सरकार, उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुप्ता,पूर्व अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता के साथ रेडक्रॉस के पूर्व चेयरमैन अनिल चमरिया, उपाध्यक्ष शोभा जायसवाल, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार पूर्वे, सह सचिव विवान सरकार ने कहा कि आज भी खून की कम उपलब्धता के कारण कई लोगों की जान चली जाती है। उन्होंने बताया कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए रक्तदान जरूर करना चाहिए। लायंस क्लब के पीआरओ लायन प्रिया गुप्ता ने बताया कि आज के शिविर में 27 यूनिट ब्लड का डोनेशन हुआ।
जिला पदाधिकारी के अपील से प्रभावित होकर मनसाही बीडीओ सुश्री सुमन कुमारी ने भी रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को रेडक्रॉस एवं लायंस क्लब से प्रशस्ति पत्र के साथ हॉर्लिक्स एवं उपहार भेंट किया गया। सदस्यों ने सभी रक्तदाताओं के बेहतर स्वास्थ की कामना के साथ शुभकामनाएं दी।
शिविर में सहयोगी के रूप मे सक्षम संस्था का सहयोग रहा। शिविर के सफल आयोजन में समाजसेवी राम बाबू, संजीव गुप्ता के साथ ब्लड बैंक के सौनिक प्रकाश , रवि शंकर झा, विक्की, सन्नी पोद्दार की भूमिका सराहनीय रही। लायन मनोज महासेठ, मनोज गुप्ता, सुनील मेघानी, वाणी मेघानी, नरेश साह, सुनील भगत आदि उपस्थित रहे। सिविल सर्जन ने संस्था को साधुवाद देते हुए कहा कि इस तरह के शिविर के आयोजन से रक्त की कमी को पूरा करने में मदद मिलती है। उन्होंने अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी आगे आने की अपील की।



























