जनता दरबार में छह मामलों का निष्पादन, 17 मामले अगली सुनवाई के लिए लंबित

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

शनिवार को अंचल कार्यालय में जनता दरबार में भूमि एवं राजस्व संबंधी विवादों के समाधान के लिए आयोजित साप्ताहिक सुनवाई के दौरान कुल छह मामलों का निष्पादन किया गया। जनता दरबार में विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त मामलों की सुनवाई अंचलाधिकारी शशि कुमार एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में की गई।

जानकारी के अनुसार, टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र से पूर्व के आठ लंबित मामलों के साथ चार नए आवेदन प्राप्त हुए थे। सुनवाई के दौरान कई मामलों पर पक्षकारों की बात सुनकर आवश्यक कार्रवाई की गई। वहीं फतेहपुर थाना क्षेत्र से इस बार कोई मामला जनता दरबार में प्रस्तुत नहीं हुआ। दूसरी ओर, बीवीगंज थाना क्षेत्र से प्राप्त एक मामले का निष्पादन किया गया, जबकि चार पुराने मामले अभी विचाराधीन हैं। इसके अतिरिक्त एक नया आवेदन भी प्राप्त हुआ है, जिस पर आगामी सुनवाई में विचार किया जाएगा।


अंचलाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों एवं अभिलेखों के आधार पर कुल छह मामलों का निष्पादन किया गया है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूर्व से लंबित एवं नवप्राप्त आवेदनों को मिलाकर कुल 17 मामले अगले जनता दरबार के लिए विचाराधीन रखे गए हैं। इन मामलों की गहन जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जनता दरबार में राजस्व कर्मचारी अरुण पांडेय, कार्यपालक सहायक राजा कुमार सिंह सहित संबंधित थाना क्षेत्रों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आम लोगों से भूमि संबंधी विवादों के समाधान के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनता दरबार में उपस्थित होने की अपील की।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई