मनिहारी/कटिहार – प्रखंड कृषि कार्यालय मनिहारी के सभागार में शुक्रवार को शारदीय खरीफ महाअभियान-2026 के तहत प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य सुमति देवी ने की। इसमें कृषि विभाग के अधिकारियों,कृषि वैज्ञानिकों,जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, वैज्ञानिक कृषि तकनीक, बीज उपचार, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, हरी खाद,मूंग एवं ढैंचा के उपयोग सहित बागवानी और फल-फूल उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और किसान हितैषी कार्यक्रमों की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
कृषि विज्ञान केंद्र कटिहार के कृषि वैज्ञानिक सुशील कुमार तथा सहायक निदेशक पौधा संरक्षण रोमी कुमारी ने खरीफ मौसम में फसलों में आने वाली समस्याओं,कीट एवं रोग प्रबंधन तथा उनके बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की सलाह दी।
वही प्रखंड कृषि पदाधिकारी गौरव कुमार ने किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने, उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने तथा वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर उत्पादन बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि सह मनिहारी व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललन कुमार यादव ने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की अपील की। वहीं अध्यक्षीय संबोधन में जिला परिषद सदस्या सुमति देवी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण बेहद जरूरी है।
उन्होंने किसानों से नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान खेत बचाओ अभियान पर विशेष जोर देते हुए किसानों को उर्वरकों के संतुलित उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ खेती करने से कृषि भूमि की उर्वरा शक्ति और उत्पादकता लंबे समय तक सुरक्षित रखी जा सकती है। मौके पर विभिन्न पंचायतों के वार्ड सदस्य, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार,एटीएम -बीटीएम सहित सैकड़ों किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने कृषि विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।


























