टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
प्रखंड मुख्यालय टेढ़ागाछ में गुरुवार, 18 जून को आयोजित प्रखण्ड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली। इस शिविर में कुल 236 आवेदन विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त हुए, जिनमें से 190 आवेदनों का मौके पर ही सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना था, जिससे लोगों को बार-बार प्रखंड कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। प्राप्त आवेदनों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेंशन, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, भूमि संबंधित मामलों तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामले शामिल रहे।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी शंकर शरण ओमी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने संयुक्त रूप से शिविर में लगाए गए सभी काउंटरों (स्टॉलों) का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय कर्मियों से कार्य प्रगति की जानकारी ली तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले समय में और अधिक प्रभावी ढंग से शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे जनता को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि लोग अब इन जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक हो रहे हैं और प्रशासनिक व्यवस्था पर उनका भरोसा बढ़ रहा है।


























