करंट लगने से भैंस की मौत, बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल, मुआवजे की मांग

SHARE:

मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज (किशनगंज)।

ठाकुरगंज प्रखंड के छैतल पंचायत अंतर्गत कुरीडांगी और भोलाभीट्टा गांव के बीच गुरुवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुरीडांगी निवासी मोहम्मद सैदुल अपनी भैंसागाड़ी लेकर गुवाल टोली से बांस लाने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद बिजली के अर्थिंग तार की चपेट में आने से उनकी एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहम्मद सैदुल करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल मोहम्मद सैदुल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ठाकुरगंज पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे लगे बिजली के अर्थिंग तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने संबंधित लाइन की विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद विभागीय कर्मी मौके पर पहुंचकर तकनीकी खराबी को दूर करने में जुट गए, जिससे किसी अन्य दुर्घटना की संभावना को टाला जा सका।
ग्रामीणों ने बताया कि मोहम्मद सैदुल आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं। भैंस की मौत से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही उनके घायल होने से परिवार के समक्ष आजीविका का संकट भी उत्पन्न हो गया है।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, बिजली विभाग और राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मृत भैंस के नुकसान की भरपाई के साथ-साथ घायल मोहम्मद सैदुल के उपचार और पुनर्वास के लिए भी आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए।


ग्रामीणों ने बिजली विभाग से विशेष रूप से बरसात के मौसम में विद्युत तारों, अर्थिंग व्यवस्था और अन्य उपकरणों की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई