मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज (किशनगंज)।
ठाकुरगंज नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन बाईपास सड़क के कारण उत्पन्न जल निकासी की समस्या तथा बूढ़ी डांगी नदी में बढ़ते अतिक्रमण और गाद जमाव को लेकर किसानों एवं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में भाजपा जिला प्रवक्ता सह अधिवक्ता कौशल किशोर यादव ने सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया है कि ठाकुरगंज नगर के वार्ड संख्या 7, 9 एवं 11 के अलावा कनकपुर पंचायत तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से होकर बहने वाली बूढ़ी डांगी नदी अतिक्रमण, अत्यधिक गाद जमाव, जलकुंभी के फैलाव और अव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था के कारण अपने प्राकृतिक स्वरूप एवं जल प्रवाह क्षमता को खोती जा रही है। इसके चलते कई स्थानों पर नदी का पानी ठहर रहा है और जल निकासी बाधित होने से किसानों व स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कौशल किशोर यादव ने कहा कि यदि समय रहते नदी की उड़ाही (गाद सफाई), अतिक्रमण हटाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो आगामी मानसून में लगभग 100 एकड़ से अधिक कृषि भूमि जलमग्न हो सकती है। इससे अनानास, धान, मक्का, चाय सहित अन्य नकदी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पथ निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन ठाकुरगंज बाईपास सड़क परियोजना के अंतर्गत बनाए गए कुछ एलायनमेंट एवं संरचनाओं के कारण नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह में बाधा उत्पन्न हुई है। कई स्थानों पर पानी का निकास अवरुद्ध हो गया है, जिससे जलजमाव की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। विशेष रूप से मुन्शीभीट्टा कब्रिस्तान के समीप निर्माणाधीन कलवर्ट के निकास मार्ग में अस्थायी संरचनाएं लगाए जाने से जल प्रवाह प्रभावित होने की बात कही गई है।
कौशल किशोर यादव ने प्रशासन से नदी को अतिक्रमण मुक्त कराने, तत्काल गाद सफाई कराने, जल निकासी मार्गों को दुरुस्त करने तथा बाईपास निर्माण कार्य की तकनीकी समीक्षा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो व्यापक जनसमर्थन के साथ आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन एवं संबंधित विभागों की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। किसानों ने कहा कि हर वर्ष जलजमाव के कारण उनकी फसलें बर्बाद होती हैं और यदि इस बार भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर भाजपा नेता कौशल किशोर यादव, किसान नेता अरुण सिंह, बाबू पासवान, नसीम खान सहित कई किसान एवं ग्रामीण मौजूद थे।


























