संवाददाता/किशनगंज
जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आगामी 20 जून 2026 को आयोजित होने वाले जन-आंदोलन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं तथा पेपर लीक जैसे गंभीर जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इन समस्याओं के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करने और आम लोगों को आंदोलन से जोड़ने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहाबुल अख्तर ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर जनता लगातार परेशान है तथा कांग्रेस पार्टी इन सवालों को लेकर जन-आंदोलन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट करेगी।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष इमाम अली चिंटू, नगर अध्यक्ष सजल कुमार साहा, जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार, जिला उपाध्यक्ष तौसिफ अंसारी, जिला महासचिव आदर्श कुमार, जिला सचिव सोमेंद्र बहादुर, प्रखंड अध्यक्ष कमरुल हुदा, नगर उपाध्यक्ष तनवीर आलम, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष शाह आलम, युवा नेता शुभम कुमार, अबू बकर, आसिफ सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से 20 जून को आयोजित जन-आंदोलन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की गई।


























