इस्लामपुर/उत्तर दिनाजपुर
जिले के गोलपोखर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर निर्माण के एक अवैध ठिकाने का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 1.365 किलोग्राम तैयार ब्राउन शुगर, 4.636 किलोग्राम संदिग्ध सफेद पाउडर, नकदी, जिंदा कारतूस और ब्राउन शुगर बनाने में प्रयुक्त उपकरण व रसायन बरामद किए हैं। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस कोर्ट रायगंज में पेश किया गया है।

पुलिस के अनुसार 17/18 जून 2026 की मध्य रात्रि सूचना मिली थी कि मालदा जिले के कुछ लोग सोलपाड़ा क्षेत्र में आकर ब्राउन शुगर तैयार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर गोलपोखर थाना की एक बड़ी पुलिस टीम ने सोलपाड़ा स्थित गेदरीगांव डांगी निवासी अब्दुल सलाम (55 वर्ष), पिता स्वर्गीय केरामत अली के पक्के मकान में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1.365 किलोग्राम तैयार ब्राउन शुगर, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की। इसके अलावा 4.636 किलोग्राम सफेद पाउडरनुमा पदार्थ, दो बोतल एसिटाइल क्लोराइड, डिजिटल वेट मशीन, सीलिंग मशीन, धातु के बर्तन, नकदी 2 लाख 36 हजार 300 रुपये तथा पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
जांच में पता चला कि मौके पर मालदा जिले के वैष्णवनगर थाना क्षेत्र के यादुल शेख (45 वर्ष), मजुबुर रहमान (36 वर्ष) तथा शमीम अख्तर उर्फ रोहित (23 वर्ष) भी मौजूद थे, जो कथित रूप से ब्राउन शुगर तैयार करने के लिए वहां पहुंचे थे।
पुलिस का दावा है कि बरामद रसायन, उपकरण और अन्य सामग्री ब्राउन शुगर के निर्माण एवं पैकिंग में इस्तेमाल की जा रही थी।
प्राथमिक जांच में यह भी जानकारी मिली है कि ब्राउन शुगर निर्माण के लिए आवश्यक कच्चा माल सोलपाड़ा निवासी सैदुल नामक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराया गया था। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस संबंध में गोलपोखर थाना कांड संख्या 344/2026, दिनांक 18 जून 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 25, 29, 30 तथा आर्म्स एक्ट 1959 की धारा 25(1-बी)(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एलएसआई सुतापा राय को सौंपी गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 14 दिनों की पुलिस रिमांड की मांग की है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

























