समाहरणालय परिसर में पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
किशनगंज/प्रतिनिधि
अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस (26 जून) के अवसर पर जिले में आयोजित किए जाने वाले “नशा मुक्त सप्ताह” कार्यक्रम का शुभारंभ समाहरणालय परिसर स्थित बरामदे में सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम के साथ किया गया। यह कार्यक्रम जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज के निदेशानुसार एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
विभागीय निर्देशानुसार जिले में दिनांक 17 जून 2026 से 26 जून 2026 तक “नशा मुक्त सप्ताह” मनाया जाएगा। इस वर्ष अभियान का विषय “नशा मुक्त भारत अभियान विकसित भारत की पहचान” निर्धारित किया गया है। अभियान का उद्देश्य युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना है।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए स्वयं किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प लिया। शपथ के माध्यम से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
नशा मुक्त सप्ताह के दौरान जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों एवं अन्य संस्थानों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत सामूहिक शपथ ग्रहण, निबंध लेखन, स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, मानव श्रृंखला, योग कार्यक्रम, सेमिनार, सोशल मीडिया अभियान, हस्ताक्षर अभियान, जागरूकता शिविर, मैराथन, खेलकूद प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न नवाचारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि नशे के विरुद्ध जनभागीदारी एवं जागरूकता ही इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से पूरे सप्ताह विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में वरीय कोषागार पदाधिकारी श्री चंदन कुमार, वरीय उपसमाहर्ता -सह- सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीमती श्रीति कुमारी, सहायक कोषागार पदाधिकारी श्री नौशाद आलम सहित समाहरणालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे नशा मुक्त सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा नशामुक्त, स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।



























