ठाकुरगंज: समर कैंप से बच्चों में बढ़ रही सीखने की रुचि, रुईधासा और घस्सीकुरा विद्यालय का हुआ अनुश्रवण

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

शिक्षा विभाग एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ठाकुरगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय रुईधासा एवं मध्य विद्यालय घस्सीकुरा में संचालित समर कैंप का बुधवार को अनुश्रवण किया गया। इस दौरान बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, रचनात्मक गतिविधियों तथा खेल-आधारित शिक्षण पद्धति का अवलोकन किया गया। कैंप में बच्चों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने निरीक्षण दल को प्रभावित किया।

अनुश्रवण के दौरान प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की प्रखंड समन्वयक अन्नू कुमारी, पूजा कुमारी साहा एवं आरती कुमारी ने कैंप में चल रही विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। इस अवसर पर स्वयंसेवक इक़बाल अहमद, मो. अमीर, रूबी कुमारी तथा तालिमी मरकज सुरैया बेगम बच्चों को पठन-पाठन, लेखन कौशल, समूह चर्चा, खेल-आधारित शिक्षण एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करते नजर आए। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रखंड समन्वयक अन्नू कुमारी ने बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य ऐसे बच्चों को शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना है, जो अभी अपनी कक्षा के अनुरूप सीखने के स्तर तक नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा कि कैंप के माध्यम से बच्चों में सीखने की रुचि विकसित हो रही है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। इसका सकारात्मक प्रभाव आगामी शैक्षणिक सत्र में देखने को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कैंप में विशेष रूप से पढ़ाई में पिछड़ रहे बच्चों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। स्वयंसेवकों द्वारा नियमित रूप से भाषा, गणित और अन्य बुनियादी दक्षताओं से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। साथ ही समय-समय पर बच्चों की प्रगति का मूल्यांकन भी किया जाएगा, ताकि उनके सीखने के स्तर में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

समर कैंप के माध्यम से बच्चों को आनंददायक और सहभागितापूर्ण वातावरण में सीखने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनकी शैक्षणिक क्षमता के साथ-साथ रचनात्मक एवं सामाजिक कौशल का भी विकास हो रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई