KishanganjNews:सहयोग शिविर में पहुंचे डीएम विशाल राज, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा

SHARE:

विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ प्रखंड के हाटगांव, धवेली एवं भोरहा पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आयोजित विशेष सहयोग शिविर का निरीक्षण करने किशनगंज के जिला पदाधिकारी विशाल राज भोरहा पंचायत पहुंचे। उनके आगमन पर मुखिया अबू बकर, पंचायत समिति सदस्य इस्माइल आलम एवं सरपंच नौशाद आलम ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित हो। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं खुलकर रखने की अपील करते हुए अधिकारियों को सभी आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।


शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, नल-जल योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, भूमि विवाद, अतिक्रमण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के आवेदन सौंपे। ग्रामीणों ने फुलवरिया बाजार में सड़क एवं नाला निर्माण तथा वर्षों से अधूरे पड़े प्लस-टू उच्च विद्यालय टेढ़ागाछ के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग भी उठाई।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने लाभुकों के बीच मृत्यु प्रमाण पत्र एवं भूमि संबंधी परिमार्जन पत्रों का वितरण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा आम जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएम ने प्रखंड मुख्यालय में आयोजित प्रखंड सहयोग जनकल्याण शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया और लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार, थानाध्यक्ष इरशाद खान, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, आईसीडीएस पदाधिकारी निशा कुमारी, पीओ विपिन कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


146 आवेदन प्राप्त, 55 का हुआ निष्पादन विशेष सहयोग शिविर में कुल 146 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 55 मामलों का निष्पादन कर दिया गया, जबकि 90 आवेदन लंबित हैं। पंचायतवार स्थिति में भोरहा पंचायत में 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 16 का निष्पादन एवं 46 लंबित हैं। धवेली पंचायत में 51 आवेदनों में 24 का निष्पादन हुआ, जबकि 27 लंबित हैं।

वहीं हाटगांव पंचायत में प्राप्त 32 आवेदनों में 15 का निष्पादन किया गया तथा 17 आवेदन लंबित हैं। शिविर में राजस्व एवं भूमि सुधार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, सामाजिक कल्याण, योजना एवं विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर पहुंचकर समस्याएं सुनने की डीएम की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि शिविर में उठाए गए मुद्दों का शीघ्र समाधान होगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई