भोरहा पंचायत सरकार भवन में 16 जून को लगेगा सहयोग शिविर, तैयारियां तेज

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र की भोरहा पंचायत सरकार भवन में आगामी 16 जून (मंगलवार) को आम जनता की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से एक विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर को लेकर पंचायत प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।

स्थानीय मुखिया अबू बकर ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के लिए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे और आम लोगों की शिकायतों एवं मांगों को सुनकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

मुखिया ने बताया कि शिविर में डीएम श्री विशाल राज के भी शामिल होने की संभावना है। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर विशेष तैयारी की जा रही है। जिला पदाधिकारी स्वयं लोगों की समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देंगे।

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। मुख्य रूप से नल-जल योजना, सड़क, पुल-पुलिया, नाला निर्माण, वृद्धा पेंशन, बिजली आपूर्ति, राशन वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई की जाएगी।

इस संबंध में आयोजित तैयारी बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिविर को सफल बनाने पर चर्चा की। बैठक में लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की गई, ताकि उनका समाधान मौके पर ही किया जा सके। पंचायत क्षेत्र में शिविर को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई