किशनगंज जिला मुख्यालय के 10 परीक्षा केंद्रों पर
सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा का आयोजन कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया।परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। जिला पदाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई।
केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वारों और संवेदनशील कमरों में स्टेटिक दंडाधिकारियों एवं सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई थी।परीक्षा के मद्देनजर किशनगंज रेलवे स्टेशन के साथ साथ बस स्टैंड एवं विभिन्न चौक चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।इस दौरान जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, एसडीपीओ खुर्शीद सिराज, एसडीएम अनिकेत कुमार, ट्रैफिक डीएसपी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी रेलवे स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में तैनात सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस की लगातार गश्ती और निगरानी के कारण पूरे दिन कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रही।डीएम विशाल राज ने कहा कि सभी परीक्षार्थियों से अनुरोध है कि उन्हें किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रेनें उपलब्ध हैं।
उन्होंने सभी से अपील की कि वे शांतिपूर्वक और व्यवस्थित तरीके से अपने गंतव्य के लिए रवाना हों तथा कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में न लें।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बदमाशी करता है या किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करता है, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।वही एसपी संतोष कुमार ने कहा कि परीक्षार्थियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है,
क्योंकि उनके आवागमन के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रेनें उपलब्ध हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी के द्वारा शांति भंग करने का प्रयास किया जाता है, तो इसका असर उसके करियर पर भी पड़ सकता है। इसलिए सभी लोग संयम और शांति बनाए रखें।


























