प्रखंड बीस सूत्री समिति की बैठक आयोजित, योजनाओं की हुई समीक्षा

SHARE:

सरकारी योजनाओं की समीक्षा और क्रियान्वयन पर जोर

कोढा /कटिहार-कोढ़ा प्रखंड कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को बीस सूत्री समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित किया गया। बैठक बीस सूत्री के अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा के अध्यक्षता में हुई। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी बीपीआरओ प्रियंका कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित आर्य, विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पंकज ठाकुर, कोढ़ा थाना से एसआई विवेक विक्रम सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा वार्ड पार्षद अमित कुमार,कोढ़ा अंचल के प्रधान लिपिक संजीव झा,नगर पंचायत कोढ़ा से विभाष कुमार एवं अन्य कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान मनोज सिंह कुशवाहा ने सभी विभागों के अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने की आवश्यकता है।प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि कई योजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है।

जबकि कुछ योजनाओं में सुधार की जरूरत है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। बीपीआरओ प्रियंका कुमारी ने पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से योजनाओं के क्रियान्वयन को और मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. अमित आर्य ने क्षेत्र में चल रहे स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी दी और बताया कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पंकज ठाकुर ने बिजली आपूर्ति की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए कार्य जारी है। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभाग से संबंधित सुझाव और समस्याएं रखीं। इस पर अध्यक्ष ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। यह निर्णय लिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करेंगे तथा नियमित रूप से समीक्षात्मक बैठक आयोजित कर योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा। ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई