बहादुरगंज में तेज बारिश के बाद जलजमाव, राहगीरों की बढ़ी परेशानी

SHARE:

संवाददाता/बहादुरगंज

गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद बहादुरगंज नगर क्षेत्र के झांसी रानी चौक के निकट सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।


स्थानीय लोगों ने बताया कि थोड़ी देर की बारिश के बाद ही उक्त क्षेत्र में पानी जमा हो जाता है, जिससे सड़क की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। जलजमाव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हुई, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ा।


व्यवसायियों ने कहा कि चौक के आसपास पानी भर जाने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है, जिससे कारोबार पर भी असर पड़ता है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश के बाद ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है।


स्थानीय नागरिकों ने नगर प्रशासन से जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए नालों की नियमित सफाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई