दोनों पक्ष की ओर से मामला दर्ज
आजमनगर /कटिहार – थाना क्षेत्र के आलमपुर पंचायत अंतर्गत पलडांगा गांव में भूमि विवाद में दो पक्ष के बीच जमकर हुई मारपीट में तीन लोगों की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर में प्राथमिक उपचार के बाद कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दोनों पक्ष की ओर से दिए गए आवेदन के बाद आजमनगर थाने में मामला दर्ज कर दिया गया है।
एक पक्ष के नीरज कुमार सिंह ( 20) पिता धीरेंद्र सिंह ने बताया कि चाचा के द्वारा खानदानी जमीन दूसरे के पास बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद लाठी डंडे से पिटाई कर समेलन देवी (42) पति विमल कुमार सिंह, कंचन देवी (26) पिता विमल कुमार सिंह तथा नीरज कुमार सिंह(20) पिता धीरेंद्र सिंह को बुरी तरह से घायल कर दिया है। मारपीट की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
मामले को लेकर एक पक्ष जितेन कुमार सिंह के आवेदन पर आजमनगर थाने में मामला दर्ज कर दिया गया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि भूमि विवाद में दो पक्ष के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्ष की ओर से दिया गया आवेदक के बाद मामला दर्ज कर पुलिस तहकीकात आरंभ कर दी है।



























