कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर ट्रैक्टर-टेंपो की जोरदार टक्कर,पांच घायल, दोनों वाहन जब्त

SHARE:

कटिहार ग्रामीण – कटिहार – मनिहारी फोरलेन स्थित नारायणपुर के कुतुबपुर सर्विस रोड के पास बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे ट्रैक्टर और टेंपो के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर कटिहार की ओर जा रहा था, जबकि टेंपो मनिहारी की ओर से आ रही थी। कुतुबपुर सर्विस रोड के समीप दोनों वाहनों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में टेंपो सवार कई लोग घायल हो गए।

घायलों में नाजमीन खातून, शन्नो खातून, सिफा खातून,शब्बी खातून,मो. असलम एवं जहाना खातून शामिल हैं। सभी बौलिया पंचायत के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा,एसआई विकास कुमार, एसआई राम प्रयाग सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे में टेंपो को काफी नुकसान पहुंचा है।

दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर और टेंपो दोनों को जब्त कर थाना ले गई तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायलों के परिजनों ने बेहतर इलाज की मांग को लेकर अपनी चिंता जताई। स्थानीय लोगों ने फोरलेन पर बढ़ती तेज रफ्तार पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई