टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
भारत नेपाल सीमा पर स्थित 12वीं वाहिनी एसएसबी, किशनगंज के अंतर्गत बीओपी पेकटोला की गश्ती टीम ने एक बार फिर अपनी सतर्कता का परिचय देते हुए भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संध्या लगभग 5:45 बजे गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में सीमा स्तंभ संख्या 154/1 के समीप, अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 200 मीटर भारतीय क्षेत्र के भीतर छापेमारी की गई।
बीओपी पेकटोला प्रभारी कैलाश धन ने बताया कि अभियान के दौरान टीम ने भारत से नेपाल की ओर अवैध रूप से ले जाए जा रहे प्रतिबंधित सामान को जब्त किया। इस दौरान एक व्यक्ति को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
जब्त सामग्री में 4 बोरी भारत यूरिया (प्रत्येक 45 किलोग्राम, कुल 180 किलोग्राम), 2 साइकिल, माउंटेन ड्यू 2.25 लीटर की 9 बोतलें तथा 1.25 लीटर की 15 बोतलें शामिल हैं। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान देवलाल महतो (61 वर्ष), पिता- शुकचंद महतो, निवासी ग्राम डांगीटोला, पोस्ट- सिजवा, थाना- सिजवा नगर पालिका रतुवामाई, जिला मोरंग (नेपाल) के रूप में की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी से जुड़े कुछ अहम संकेत भी मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
एसएसबी द्वारा जब्त सामान एवं गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु थाना टेढ़ागाछ, जिला किशनगंज (बिहार) को सौंपा जा रहा है। इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। एसएसबी की इस तत्परता से यह स्पष्ट होता है कि सीमा पर अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो रही है।




























