बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड के धर्मपुर पंचायत स्थित पलासी ग्राम निवासी एक प्रवासी मजदूर मोहम्मद शकील (23) की मौत मुंबई स्थित दहिसर इलाके में एक निर्माणाधीन दस मंजिला ईमारत से अचानक नीचे गिर जाने के चलते गुरुवार की दोपहर हो गयीं ।
गुरुवार की देर रात मृतक के घर पर जैसे ही उक्त हादसे की खबर मिली तो परिवार पर मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की खबर सुनते ही माता-पिता तथा परिवार के सभी सदस्य बिलख बिलख रोने लगे। मृतक के घर पर मानों जैसे कोहराम ही मच गया। मृतक शकील पलासी ग्राम निवासी मोहम्मद इदरीश का पुत्र बताया जा रहा है। मृतक अपने बूढ़े माता-पिता के आजीविका का एकमात्र सहारा था।
परिवार के जीविकोपार्जन के लिए वह अब से लगभग आठ माह पूर्व मुंबई गया हुआ था। वह मुंबई स्थित दहिसर में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी का कार्य कर रहा था। इस संबंध में शुक्रवार को बड़े ही दुखी मन से मृतक के पिता ने बताया कि गुरुवार की रात उन्हें मुंबई से मोबाइल से सुचना मिली कि शकील कार्य करने के दौरान पैर फिसल जाने के चलते अचानक ही दस मंजिला ईमारत से नीचे गिर गया। अत्यधिक ऊंचाई से नीचे गिर जाने के चलते उसकी मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई है।
यह खबर सुनकर परिवार वाले बिल्कुल ही बेसुध हो गए। मृतक शकील की इस तरह से अचानक अकाल मृत्यु हो जाने से परिवार के समक्ष कई तरह के आर्थिक संकट उत्पन्न हो गये हैं। पिता ने बताया कि मृतक शकील ही मुंबई से जो रूपये कमाकर भेजता था उसी से परिवार का गुजर-बशर होता था।
पिता ने छाती पीटते हुए कहा कि अब परिवार का भरण पोषण कैसे होगा ? घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पंचायत के मुखिया रकीब अली, उपमुखिया हारून अली एवं पंसस शम्स तबरेज ने मृतक के आश्रितों को अविलंब उचित मुआवजा देने की मांग की है।




























