बारसोई बीडीओ चंदन प्रसाद ने दी जानकारी
प्रवासी मजदूर भी ऐप के माध्यम से कर सकेंगे स्वयं पंजीकरण।
बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड क्षेत्र में 17 अप्रैल 2026 से डिजिटल जनगणना अभियान की शुरुआत हो गई है। जो 1 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया को 100 प्रतिशत डिजिटल बनाया गया है। जिससे कार्य में तेजी और पारदर्शिता लाई जा सके। प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद ने बताया कि डिजिटल माध्यम से जनगणना कराने का उद्देश्य समय की बचत के साथ-साथ सटीक आंकड़े जुटाना है।
उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से विशेष रूप से प्रवासी मजदूरों को काफी सुविधा मिलेगी, जो अपने वर्तमान स्थान से ही अपना पंजीकरण आसानी से कर सकेंगे। बीडीओ ने बताया कि जनगणना के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से आम नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
इससे लोगों को किसी कर्मी के इंतजार की आवश्यकता नहीं होगी और प्रक्रिया सरल हो जाएगी। प्रखंड पदाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपनी जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभुकों तक पहुंचाया जा सके।




























