टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) किशनगंज के ई समवाय माफीटोला द्वारा गुरुवार को बिहार पुलिस के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का नेतृत्व समवाय प्रभारी बलदेव सिंह (सहायक कमांडेंट) ने किया, जबकि बिहार पुलिस की ओर से उप निरीक्षक सृष्टि कुमारी (थाना प्रभारी, फतेहपुर) मौजूद रहीं।
बैठक के उपरांत दोनों बलों के जवानों द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 152 से 153 तक संयुक्त गश्ती अभियान चलाया गया। इस दौरान सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। समन्वय बैठक में सीमा पर होने वाली अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके लिए दोनों बलों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को और अधिक प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।
इसके अलावा, सीमा क्षेत्र में निवास करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन पर निगरानी रखने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। मानव तस्करी जैसी गंभीर समस्या पर रोक लगाने तथा सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों और घुसपैठ को नियंत्रित करने के लिए संयुक्त प्रयासों को तेज करने का निर्णय लिया गया।अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना मिलने पर उसे तत्काल एक-दूसरे के साथ साझा किया जाएगा, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस समन्वय बैठक और संयुक्त गश्ती से सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।इस अवसर पर दोनों बलों के अन्य जवान भी उपस्थित रहे और सीमा सुरक्षा को लेकर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।




























