किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के सुहिया गांव में गुरुवार संध्या गायत्री परिवार के तत्वावधान में भव्य गायत्री महादीप यज्ञ का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। यज्ञ स्थल पर सैकड़ों श्रद्धालु एकत्र होकर विधिवत हवन, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन में भाग ले रहे हैं। वैदिक मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन से माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया।

कार्यक्रम में गायत्री परिवार के प्रतिनिधि प्रदीप पांडेय जी एवं मयंकांत झा की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि महादीप यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और संस्कारित बनाने का माध्यम भी है। इस आयोजन में गांव के गणमान्य व्यक्तियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रमुख रूप से बागेश्वर सिंह, जगदीश सिंह, रामनाथ सिंह, लखन लाल पंडित, संतोष गुप्ता, पूरन लाल मांझी, मोहन दास, देवेंद्र सिंह, विद्यानंद सिंह एवं हरि लाल सहित अनेक लोग उपस्थित होकर यज्ञ को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने यज्ञ के माध्यम से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। इस प्रकार का धार्मिक आयोजन ग्रामीण समाज में एकता और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।




























