एकलव्य फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को खेल सामग्री का किया गया वितरण

SHARE:

संवाददाता/ किशनगंज

किशनगंज जिला अंतर्गत संचालित एकलव्य फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को आज समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में खेल सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी आदित्य कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा प्रशिक्षुओं को ट्रैक सूट, जर्सी, पैंट एवं टी-शर्ट सहित अन्य आवश्यक खेल सामग्री अपने कर-कमलों से प्रदान की गई। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण एवं नियमित अभ्यास को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करता है, बल्कि व्यक्तित्व विकास एवं टीम भावना के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहकर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर फुटबॉल प्रशिक्षक मो. दानिश अहमद ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना, टीम वर्क एवं कठिन परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को सुदृढ़ करते हैं तथा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षक द्वारा जिलाधिकारी विशाल राज को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई