विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बभनगामा के 45 छात्र-छात्राओं को मंगलवार को मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना के तहत अररिया जिले के कोशियार गांव स्थित पार्क के भ्रमण के लिए रवाना किया गया। विद्यालय परिसर से बस को उप मुखिया गोपाल मंडल और विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना का उद्देश्य छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और अनुभवात्मक ज्ञान से जोड़ना है। इसके माध्यम से बच्चों को विभिन्न स्थानों का भ्रमण कराकर उन्हें नई चीजों को देखने, समझने और सीखने का अवसर प्रदान किया जाता है, जिससे उनके बौद्धिक और मानसिक विकास में मदद मिलती है।
इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के लिए शैक्षणिक परिभ्रमण भी अत्यंत आवश्यक है। इससे विद्यार्थियों को विद्यालय के बाहर की दुनिया के बारे में जानकारी मिलती है और उनमें जिज्ञासा तथा आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।परिभ्रमण कार्यक्रम के दौरान बच्चों की सुरक्षा और देखरेख के लिए शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी साथ भेजा गया है।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव ललिता देवी ने भी हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। मौके पर सहायक शिक्षिका आशा कुमारी, वरीय शिक्षक अजय किशोर झा, सहायक शिक्षक सन्नी कुमार, नासिर आलम सहित विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य रीता देवी, शकुंतला देवी, बिशन लाल मंडल तथा कई अभिभावक उपस्थित थे।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्र-छात्राओं को नई जानकारी प्राप्त होगी और वे अपने अनुभवों से बहुत कुछ सीख सकेंगे। वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के ज्ञान, सोच और व्यक्तित्व विकास को मजबूत बनाने में काफी सहायक सिद्ध होते हैं।




























