संवाददाता/ किशनगंज
सदर थाना क्षेत्र में दो युवकों को चोरी की बाइक के साथ नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया गया है।मालूम हो कि दो युवक चोरी की बाइक के साथ उस समय धर लिए गए जब दोनों परिवहन विभाग कार्यालय पहुंचे थे।दरअसल दोनों युवक पूर्व में कटे चालान को लेकर परिवहन विभाग कार्यालय पहुंच कर हंगामा कर रहे थे ।बाइक लेकर पहुंचे दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था ,अधिकारी पुनः उनका चालान काटने जा रहे थे।
इसी दौरान वो जिस बाइक से पहुंचे थे जब बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और चेचिस नंबर जांच की गई तो उसका रजिस्ट्रेशन नम्बर और चेचिस नंबर में गलती पाई गई।बाइक पर दर्ज चेचिस नंबर एम बी एल एच ए डब्लू 211 पीएचसी 32257 था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर11बीडी6987 पाया गया ।
जबकि बाइक में जो रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ था वो बी आर 37 एसी 6874 दर्ज था।जिसके बाद मौके पर मौजूद प्रवर्तन अवर निरीक्षक श्यामनंदन प्रसाद के द्वारा सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई ।सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को थाना ले जाया गया।
हिरासत में लिए गए दोनों युवकों की पहचान मो नुरुल्लाह निवासी जोकीहाट,अररिया एवं आदित्य कुमार ठाकुर निवासी जोकीहाट अररिया के रूप में हुई है। मोटर यान निरीक्षक रविंद्र कुमार राय द्वारा सदर थाना में आवेदन देकर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है।पुलिस के द्वारा सदर थाना में कांड संख्या 240/26 दर्ज कर अग्रतर कारवाई की जा रही है।




























